मिर्जापुर। नगर के तीन महाविद्यालयों में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। गुरुवार को देर शाम तक जिला प्रशासन और पुलिस के साथ कॉलेज प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। बैरीकेडिंग कराने और बूथ बनाने के साथ छात्र-छात्राओं के प्रवेश एवं निकास के मार्ग तय किए गए। मतदान के दौरान परिसर में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। नगर के केबी पीजी कॉलेज, जीडी बिनानी कॉलेज और कमला आर्य कन्या महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। तीनों कालेजों में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर कुल 47 उम्मीदवार मैदान में है। केबी पीजी कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. गौरीशंकर द्विवेदी और जीडी बिनानी के चुनाव अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि मतदान तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केबी पीजी कालेज में व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए मुख्य नियंता डॉ. शशांक शेखर द्विवेदी के नेतृत्व में नियंता मंडल चौकस रहेगा। डॉ. गौरीशंकर ने बताया कि प्रत्याशियों सहित सभी छात्र-छात्राओं के लिए मतदान के दिन मोबाइल लेकर कॉलेज परिसर में आना पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि वोट देने के लिए विद्यार्थी अपना परिचयपत्र और प्रवेश शुल्क की मूल रसीद को अवश्य लाएं। कहा कि इनमें से किसी के अभाव में परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।