चुनार। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने बीते दिनों पश्चिम बंगाल में पुलिस की फायरिंग में दो छात्रों की मौत के विरोध में मंगलवार को चुनार तहसील परिसर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला जलाकर सभा की। वक्ताओं ने कहा कि बंगाल में बंगाली शिक्षकों की कमी होने पर उर्दू शिक्षक की भर्ती कर दी गई है।
कहा कि इसके विरोध में परिषद के छात्र अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। उसी दौरान वहां की पुलिस ने छात्रों पर फायरिंग कर दी जिससे परिषद के छात्र राजेश सरकार व तपन वर्मन की मौत हो गई। सभा में जिला सह संयोजक धीरज जायसवाल ने कहा देश में किसी भी प्रकार से छात्रों के अधिकारों का हनन होता है तो परिषद डटकर सामना करेगी और सत्ताधारियों को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। कहा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अब तुष्टिकरण की राजनीति बंद करनी होगी। पुतला दहन व सभा के दौरान नगर विस्तारक नीरज, मंत्री शिवकुमार, सतीश यादव, आर्यन वर्मा, चेतन आनंद रितेश सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।