मिर्जापुर। प्रतिबंध के बाद भी पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के खिलाफ जिला प्रशासन की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। एडीएम (वित्त व राजस्व) राजित राम प्रजापति के नेतृत्व में टटहाई रोड पर स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर ढाई क्विंटल पॉलिथीन बरामद किया। कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
सरकार ने पॉलिथीन के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी है। इसके बाद से बड़े पैमाने पर पॉलिथीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई बार दुकानदारों को पॉलिथीन में सामान नहीं देने की अपील जागरूकता अभियान चलाकर की जा चुकी है। इसके बाद भी पॉलिथीन का इस्तेमाल होने की सूचना पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एडीएम राजित राम प्रजापति को गुरूवार को सूचना मिली कि टटहाई रोड स्थित एक दुकान में पॉलिथीन का स्टाक रखा है। इसे गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार तिवारी, स्वच्छ भारत मिशन के संजय सिंह और पुलिस बल के साथ शनिवार को टटहाई रोड पहुंचे। यहां रवि चौरसिया पुत्र गोपाल दास की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान से ढाई क्विंटल पॉलिथीन बरामद किया गया। एडीएम ने दुकानदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दुकानदार ने दुबारा पॉलिथीन में सामान न बेचने का संकल्प लेते हुए एडीएम से माफी मांगी। कार्रवाई में नगर पालिका के कर्मचारी भी मौजूद रहे।