मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवां पावर हाउस के पीछे दो दिनों से लापता एक साठ वर्षीय महिला की झुलसी हुई लाश बरामद की र्गई। चरवाहे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिनाख्त कराई। परिवार के लोगों ने कपड़े ओर चप्पल के आधार पर महिला की पहचान सरस्वती देवी पत्नी हीरामनी निवासिनी गोपालपुर राजापुर के रूप में की। परिजनों ने महिला की हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरस्वती देवी (60) पत्नी हीरामनी 21 जून को गांव की दो महिलाओं के साथ शुक्लहा स्थित बह्मकुमारी आश्रम में आयोजित योग शिविर में भाग लेने गई थी। दोपहर बाद लौटते समय मंडी चौकी क्षेत्र के बथुआ तिराहे पर स्थित शीतला मंदिर के पास से वह अबूझ हाल में लापता हो गई थी। जब दोनों महिलाएं घर पहुंची तो परिवार के लोगों ने सरस्वती के बारे में पूछा। महिलाओं ने बताया कि वह शीतला मंदिर तक साथ में थी। इसके बाद कहां चली र्गइं पता नहीं। जानकारी होने पर परिजनों ने खोजबीन की लेकिन महिला नहीं मिली। दो दिन बाद शनिवार की सुबह कुछ चरवाहे अपने पशु लेकर नटवां पावर हाउस के पीछे सिवान चराने पहुंचे तो गड्ढे में एक महिला का शव पड़ा देखा। यह देखकर वह लोग हैरान हो गए। तत्काल घटना की सूचना नटवां पुलिस चौकी पर दी। जानकारी होने ही पुलिस मौके पर पहुंची और गड्ढे से महिला का शव निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने महिला के परिवार के लोगों को बुलाया। घटना स्थल पर पहुंचे परिवार के लोगों ने कपड़े व चप्पल के आधार पर महिला की पहचान सरस्वती के रूप में की। परिजनों ने बताया कि महिला का शरीर काफी झुलसा हुआ था। इससे लगता है कि किसी ने उन्हें जला दिया या वह किसी स्थान पर करेंट की चपेट में आकर झुलस गई। यहीं नहीं उनके सिर में गंभीर चोट के निशान भी है। इससे लगता है कि या किसी ने उनकी हत्या कर लाश को यहां फेंक दिया है या फिर वह करेंट की चपेट में आकर झुलसी हुई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।