मिर्जापुर। देश और प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का प्रयास कर रही है। किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिलाया जाएगा। जनता से मिल रहा टैक्स गरीबों के हित में खर्च हो रहा है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामूहिक विवाह करा कर अनूठा कार्य कर रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के हित में काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था काफी सुधरी है। विकास कार्य तेजी से हो रहा है। एक सवाल के जवाब में कहा कि भटौली पुल जल्द ही चालू हो जाएगा। अप्रैल से नया बजट आ रहा है, जिससे देश व प्रदेश का विकास तेज गति से होगा। प्रदेश में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कारपोरेट घराने उद्योग लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि सरकार ने कश्मीर में रही पत्थरबाजी पर रोक लगाई है। पत्थर बाजों को हो रही फंडिंग पर लगाम लगाया गया है। वर्ष 2013 के बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि सरकार जल्द मुआवजा दिलाएगी। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, अनिल सिंह, श्याम सुंदर केसरी, विकेश्वर प्रताप सिंह, दिनेश तिवारी मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और प्रदेश के वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने लालडिग्गी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, राजकुमारी खत्री, दिनेश तिवारी, अनिल सिंह, उत्तर मौर्य, श्याम सुंदर केसरी, बृजभूषण सिंह, कौशल श्रीवास्तव, उमा बरनवाल, श्याम सिंह, प्रमोद सिंह, सौरभ श्रीवास्तव मौजूद रहे।
उधर, भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रमुख विकेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने पूर्व सांसद रामसकल, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, गंगासागर दूबे, लाल बहादुर सिंह, डा. सरजीत सिंह और मनोज श्रीवास्तव को प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनाया है। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है।