मिर्जापुर। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने पुलिस अधीक्षक को एक पत्र भेज कर जनपद के गंगा नदी से सटे विभिन्न ग्राम पंचायतों के घाटों से बिना लाइसेंस की नावों को बंद कराने का आग्रह किया। कहा है कि बिना लाइसेंस के संचालित हो रही नावों का इस्तेमाल अवैध बालू खनन में किया जा रहा है। इससे राजस्व की हानि होने के साथ ही दुर्घटना भी होने की आशंका है।
अपर मुख्य अधिकारी विंध्याचल कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक को लिखे गए पत्र में कहा है कि खनन माफिया जनपद के विंध्याचल क्षेत्र के खैरा, जोपा, चील्ह के कमासिन, गड़गेड़ी, नेवढ़िया, फतहां, कछवां, मझराकला, पड़री के खुुटहा, भटौली, कनौरा, कठिनई, सरैया, सिंधोरा एवं चुनार कोतवाली क्षेत्र के अदलपुरा आदि इलाके में नावों को बालू ढोने में इस्तेेमाल कर रहे हैं। खनन माफिया अवैध तरीके से गंगा किनारे से खनन कर नाव के माध्यम से इस पार और उस पार धड़ल्ले से बालू का परिवहन करने का कार्य कर रहे हैं। इन दिनों नेवढ़िया, जोपा, चुनार विंध्याचल आदि स्थानों से गंगा के बालू को भदोही, इलाहाबाद और बनारस ले जा रहा है।