यूपी एग्रो द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र विहसड़ा बाजार में किसानों से धान खरीद मंद गति से चल रही है। धनाभाव के चलते किसानों को धान का भुगतान नही हो पा रहा है। अब तक 17 किसानों से 14 सौ कुंतल धान की खरीद की गई है, जिसमें मात्र छह किसानों को ऑनलाइन भुगतान किया गया है, जो भी पूरा नही है। अभी 35 किसानों द्वारा तौल कराने के लिए नंबर लगा रखा है। यादवपुर के किसान हिंछलाल बिंद शुक्रवार को तौल कराने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यहां पर सब सुविधा मिल रही है, लेकिन पैसा विलंब से मिलने की बात बताई जा रही है। धान क्रय के प्रभारी सत्यवान सिंह ने बताया कि आठ लाख रुपया मिला था, जो छह किसानों को ऑनलाइन भेज दिया गया है। बजट मिलते ही शेष किसानों का भुगतान होगा। उन्होंने कहा कि छह हजार कुंतल धान मिल में भेजा गया है, शेष धान भेजने के लिए ट्रक आने का इंतजार किया जा रहा है। किसानों से धान तौल कराने को कहा जा रहा है। बहरहाल किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए भुगतान हेतु धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है ।