मिर्जापुर। रविवार को पिकनिक मनाते समय खड़ंजा और विंढ़म फाल में पानी के बहाव में बहे दो युवकों के शवों को मंगलवार की सुबह बरामद कर लिया गया। अभी भी एक लापता युवक का पता नहीं चल पा रहा है। सुबह दस बजे वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम ने पहुंच कर गायब एक युवक का पता लगाना शुरु कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रविवार को गुरुपूर्णिमा के दिन विंढ़म और खड़ंजा फाल में पिकनिक मनाते समय अचानक पानी बढ़ने से लगभग 60 लोग बह गए थे। पिकनिक मनाते समय इससे अफरा तफरी मच गई। कई लोगों ने गमछा और अन्य कपड़ों को फेंक कर कई लोगों को बचा लिया जबकि पांच युवक पानी की तेज धारा में बह गए। फाल पर उपस्थित लोगों ने फोन से बहे युवकों के घर वालों को सूचना दी तो वहां उनके परिवार और मोहल्ले के लोग जमा हो गए थे। सोमवार को सुबह सात बजे प्रमोद मिश्रा और लगभग 24 घंटे बाद खड़ंजा दह से सुनील उर्फ लालू का शव बरामद किया गया था। मंगलवार की सुबह दस बजे भदोही के अजुमौला चौराहा निवासी मयंक जायसवाल का शव विंढ़म में उतराया हुआ बरामद किया गया। थोड़ी ही देर बाद मिर्जापुर के स्टेशन रोड निवासी सोनू अग्रहरी का शव खड़ंजा में उतराया हुआ मिला लेकिन तरकापुर निवासी सैयद अली पुत्र नियाज का अब तक पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी की मांग पर मंगलवार की सुबह दस बजे वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम विंढ़म पहुंच गई। कमांडर धीरेन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंचे एनडीआरएफ के 26 कर्मचारियों ने बोट से खड़ंजा और खजुरी तक गश्त किया और झाड़ियों को भी खंगाला। इस दौरान गोताखोर दह की गहराई में उतरे और गायब एक युवक की खोज की। काफी प्रयास के बावजूद लापता युवक का पता नहीं चल पाया।