अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार की रात विशेष अभियान चलाकर उपखनिजों का अवैध या ओवरलोड परिवहन कर रहे वाहनों की औचक जांच की गई। जांच के दौरान बिना परिवहन प्रपत्र एवं ओवरलोड परिवहन करने वाले 21 वाहनों को सीजकर पुलिस को सौंप दिया गया।
इसमें एक वाहन को पुलिस चौकी - नरायनपुर (अदलहाट) में, तीन वाहनों को थाना अदलहाट में, दो वाहनों को थाना- अहरौरा में, चार वाहनों को पुलिस चौकी-कजरहट ( कोतवाली चुनार) में, तीन वाहनों को थाना - पड़री में, दो वाहनों को थाना - चील्ह में, दो वाहनों को पुलिस चौकी - मण्डी समिति ( कोतवाली-कटरा) में, तीन वाहनों को थाना-मड़िहान में एवं एक वाहन को पुलिस चौकी- करनपुर ( कोतवाली देहात) में सीज कर पुलिस को सौंप दिया गया। कुल 21 वाहनों को पकड़ कर डीएम के अग्रिम आदेश तक पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त दो वाहन खराब हो जाने के कारण आनलाइन चालान किया गया। उपरोक्त वाहन चालकों, स्वामियों पर नियमानुसार देय खनिज की रायल्टी, खनिमुख मूल्य एवं आरोपित शास्ति की वसूली के अतिरिक्त उपखनिजों का ओवरलोड परिवहन कर रहे वाहनों में परिवहन प्रपत्र जारी करने वाले खनन पट्टाधारकों से भी प्रति वाहन 25000 रुपये की शास्ति की वसूली हेतु अलग से कार्रवाई की जा रही है। उपखनिजों का ओवरलोड परिवहन कराने वाले पट्टाधारकों और क्रशर स्वामियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।