अहरौरा। शनिवार की दोपहर जंगल में पशु चराने के दौरान हल्की बारिश होने लगी तो पशुपालकों ने पेड़ों की ओट ले ली कि तभी ग्राम सभा दादो के खोरिया जंगल में स्थित छिवाही देई में बिजली गिरने से 21 भैंसें मर गईं। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने तत्काल क्षेत्रिय लेखपालों को सूचना दी। राजस्व विभाग की टीम द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार की दोपहर पशु पालक पशुओं को दादो गांव से सटे खोरिया जंगल में स्थित छिवाही देई के पास चरा रहे थे। इसी बीच बूंदाबांदी होने लगी और बिजली गिरी। एक ही स्थान पर चर रही 16 भैंसें झुलस गईं। पशु पालक कुछ समझ पाते कि पुन: बिजली गिरी और पांच अन्य भैंसें भी झुलस गयीं। पशुपालकों ने सूचना पुलिस को दी। उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने राजस्व कर्मियों को जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार डोहरी गांव निवासी उमाशंकर यादव को दी, इसी गांव के निवासी सिया राम यादव की दो, छोटेलाल की दो, अजीत की एक, ओमप्रकाश की दो, रमवंती की दो, सुनीता की दो, कल्लू की एक, विद्यावती की दो, व खाजगीपुर के मुलायम की दो भैंस, चंदा की दो एवं पूजा की एक भैंस मर गई। राजस्व कर्मी सहित लेखपाल सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर विधिक कार्रवाई में लग गए।