अदलहाट। स्थानीय बाजार के गौरही रोड नहर के पास स्थित सुरभि मातृत्व चिकित्सालय पर सोमवार को सुबह सात बजे एक महिला की इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का हंगामा लगभग चार घंटे तक चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।
थाना क्षेत्र के नैठी पचवां गांव निवासी मीरा देवी (40) पत्नी रामसखी को सुबह सीने में दर्द होने पर परिजन उसे अस्पताल ले आए। चिकित्सक के न रहने पर नर्स ने उसे इंजेक्शन लगाया। इसके थोड़ी देर बाद ही मीरा देवी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों के साथ ही गांव के लोग अस्पताल पर जुट गए। परिजन लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल पर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चार घंटे तक चले जद्दोजहद के बाद किसी तरह से मामला शांत हुआ। परिजन मृतक का शव अपने साथ लेकर घर चले गए। अस्पताल के चिकित्सक डा. देव नारायण सिंह का कहना है कि महिला को सीने में दर्द होने के कारण उसे डेक्सोना, डेरी फालिन इंजेक्शन लगाया गया था। महिला की मौत इंजेक्शन से नहीं बल्कि हार्ट अटैक से हुई है। मृतका को एक सात वर्ष का बेटा भी है।