मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षा के लिए अब तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिले के संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है। इस बार जिले में 17 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 12 संवेदनशील और पांच अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं। इन सभी पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पूरी परीक्षा इन मजिस्ट्रेटों की निगरानी में होगी। इस बार 110 परीक्षा केंद्रों पर 75 हजार पांच सौ चार परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। कंट्रोल रूम का नंबर 05442-223972 जारी किया गया है। ये जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का नंबर है।
तीन हजार कक्ष निरीक्षक संपन्न कराएंगे परीक्षा
इस बार की परीक्षा में तीन हजार सात कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। उनमें से एक हजार 96 कक्ष निरीक्षक प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापक होंगे। शेष नौ सौ 11 परीक्षक माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापक होंगे। इसके साथ ही तीन सौ परीक्षा सहायकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केलिए सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डरों की जांच कर ली गई है। सभी परीक्षा केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। केंद्र व्यवस्थापकों से भी कहा गया है कि वे पेयजल, शौचालय से लेकर सभी बुनियादी सुविधाओं की एक बार जांच कर लें। परीक्षा में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी हैं। सभी मानकों को परख लिया गया है। परीक्षा अपने निर्धारित समय और कार्यक्रम के साथ संपन्न होगी। - देवकी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, मिर्जापुर