मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने बुधवार की रात को अपने निवास से निकलकर कड़ाके की ठंड से बेहाल एवं असहाय लोगों के झुग्गी-झोपड़ी तक पहुंचकर 50 कंबल वितरित किया। नगर भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर के रोडवेज गेट मिर्जापुर रेलवे स्टेशन, इमामबाड़ा, विंध्याचल रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म पर पहुंचकर जरूरतमंदों से बात कर उन्हें कंबल वितरित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने जगह-जगह रूककर भी असहायों के बीच कंबल का वितरण किया। कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर सभी के चेहरे खुश दिखाई दिए। कंबल वितरण के दौरान डीएम ने बुधवार की रात में कचहरी चौराहा, तहसील चौराहा, रोडवेज परिसर, रेलवे स्टेशन, कटरा कोतवाली रोड, संगमोहाल, गणेशगंज, इमामबाड़ा, काली जी मंदिर, विंध्याचल रेलवे स्टेशन सहित रोडवेज सहित विंध्याचल के कई स्थानों पर जलाए गए अलाव का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान कहीं लकड़ी जलता हुआ,कहीं नाम मात्र था और कहीं पर अलाव नजर ही नहीं आया। अलाव के जलते नहीं दिखने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अपर जिलाधिकारी व नगर मजिस्ट्रेट को निरीक्षण करने का निर्देश दिया। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी जगहों पर अलाव जलवाए जाएं, जिससे जनता को कड़के की ठंड में राहत मिल सके।