चुनार/जमालपुर। संयुक्त सहकारी कर्मचारी समन्वय समिति के आह्वान पर साधन सहकारी समिति के सचिवों ने कर्मचारी हितों से जुड़ी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को चुनार के नरायनपुर ब्लाक कार्यालय पर बेमियादी धरना शुरू किया। इसके अलावा जमालपुर ब्लॉक मुख्यालय पर भी सचिवों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर एडीओ सहकारिता अवधेश कुमार सिंह को पत्रक सौंपा। नरायनपुर ब्लॉक में धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना था कि प्राथमिक सहकारी समितियों के कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति राजकीय कोष से वेतन का भुगतान किया जाय। समितियों के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों व सचिवों को उनके बकाया वेतन का भुगतान शीघ्र कराया जाय व सेवानिवृत्त की आयु 62 वर्ष किया जाय। धरना के दौरान दिनेश कुमार सिंह, गणेश प्रसाद, अशोक कुमार, बिजेंद्र बहादुर, अरबिंद कुमार सिंह, शिवशंकर लाल, आदि प्रमुख मौजूद रहे। इसी तरह जमालपुर में आयोजित धरना प्रदर्शन में सोहन यादव, अमरनाथ सिंह, छोटेलाल, उमाशंकर, बाबूलाल सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।