ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन करते प्रधान
मिर्जापुर। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को सिटी विकास खंड के ग्राम प्रधानों ने सिटी ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद ब्लाक सभागार में ग्राम प्रधान एकता संघ के अध्यक्ष अनिल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम प्रधानों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताईं जिसके समाधान पर चर्चा की गई।
इस दौरान अनिल यादव ने कहा कि ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में एक छोटी सी शिकायत पर जांच के नाम पर अधिकारी प्रधानों को अनावश्यक रुप से परेशान करते हैं। कहा ग्राम प्रधानों पर अनावश्यक रुप से दबाव बनाकर अपना उल्लू सीधा करने वालों पर कार्रवाई की जाए। अरगजा पांडेय ग्राम प्रधान हरिशंकर दुबे ने कहा कि ग्राम प्रधान चौबिस घंटे जनता के बीच रहकर ग्रामीणों के सुख व दु:ख में भागीदारी करने के साथ ही शासन व प्रशासन द्वारा चलाई गई योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाता है। ऐसे में अपात्रता की श्रेणी में आने वाले लोगों के द्वारा अनावश्यक दबाव बनाकर सिर्फ लाभ लेने के लिए ग्राम प्रधानों को समय समय पर अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। मुल्हवा प्रधान देवी प्रसाद सिंह पटेल ने कहा कि अपने हक व अधिकार को लेकर ग्राम प्रधानों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामजतन बिंद, दुर्गा प्रसाद कनौजिया, बच्चा यादव, सुखराम बिंद, रामबाबू प्रजापति, विनोद यादव, सोनू, केवलाशंकर बिंद, रामबाबू प्रजापति, कौशिक, राजेंदर पहलवान आदि मौजूद रहे।