ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के भसौड़ बलाय पहाड़ की एक महिला ने चार लोगों पर फायरिंग करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
भैसौड़ बलाय पहाड़ निवासिनी सविता कोल ने शनिवार को हलिया थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि गांव निवासी आदित्य प्रसाद तिवारी शनिवार की रात अपने तीन भाइयों के साथ मकान को जबरन खाली कराने का दबाव बना रहे थे। खाली न करने पर गाली देते हुए जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और लाइसेंसी बंदूक से फायर किया। पुलिस के अनुसार चारों पर एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, आदित्य तिवारी का कहना है कि हमने जमीन रजिस्ट्री कराई है जिसे लोग जबरन लेना चाहते हैं। शनिवार की रात घर जाते समय कुछ लोगों ने रोक लिया। न रुकने पर हमारे पीछे लगकर मारपीट के इरादे से हमारे घर तक चढ़ गए। सौ नंबर और इलाकाई पुलिस को मोबाइल से सूचना देने का प्रयास किया लेकिन फोन लग नहीं रहा था। किसी तरह से हवाई फायरिंग कर अपनी जान बचाई।