मिर्जापुर। शनिवार से शुरू हो रहे सावन माह को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। घाटों के अलावा प्रत्येक चौराहे, तिराहे तथा कावरियों के रास्ते पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। ताकि किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। इसके अलावा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए रूट डार्यवर्जन भी किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया शनिवार से सावन माह शुरू हो रहा है। इस मौसम में कावरियों की भीड़ उमड़ने के चलते सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। पुलिस पीएसी के अलावा होमगार्ड और महिला पुलिस को भी तैनात किया गया है। निर्धारित किए गए हर घाट पर पुरूष और महिला पुलिस बल को लगाया गया है। शहर, विंध्याचल, देहात, मड़िहान पुलिस को अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करने को कहा गया है। घाटों पर अतिरिक्त फोर्स भी तैनात रहेगी। इसके अलावा मोबाइल टीम क्षेत्र में भ्रमण करती रहेगी। घाटों पर बैरिकेटिंग कराया गया ताकि जल लेते समय किसी कावरिया के साथ अप्रिय घटना नहीं हो सके। उन्होंने सभी से सावधानी से जल लेकर अपने मंजिल तक पहुंचने को कहा है। उन्होंने बताया कि सावन को देखते हुए रूट डायर्वजन भी किया गया है। रीवा की ओर से आने वाले ट्रकों को कोराव के रास्ते इलाहाबाद भेजा जाएगा। रीवा के किसी लिंक मार्ग से लालगंज तक आने वाले ट्रकों को भारतगंज के रास्ते इलाहबाद भेजा जाएगा। सोनभद्र से आने वाले ट्रकों को हिंदुवारी तिराहा से अहरौरा नरायनपुर की ओर डाइर्वड किया गया है। पटेहरा चौराहे पर आने वाले ट्रकों को दीपनगर के रास्ते लालगंज बरौधा तिराहे से भारतगंज भेजा जाएगा। वहीं जमुई तिराहे से सभी ट्रकों को इमिलयाचटटी होते हुए अहरौरा की ओर भेजा जाएगा। चुनार बस स्टैंड से पुलिस ट्रकों को सक्तेशगढ़ होते हुए सोनभद्र की ओर भेजने का कार्य करेगी।
सावन को देखते हुए बिजली विभाग ने जल लेकर जाने वाले कावरियों के रास्ते में पड़ने वाले बिजली के पोल में प्लास्टिक लगाया जा रहा है। ताकि उसमें किसी प्रकार करेंट नहीं उतर सके। अधिशासी अभियंता मनोज यादव ने बताया कि बरसात का दिन है। सावन का महीना भी है। इस महीने में कावरियों की भीड़ आती जाती है। इसको देखते हुए इस मौसम में किसी प्रकार की घटना न हो इसलिए पोलों में प्लास्टिक लगा दिया है।