लालगंज। बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर नाराज ग्रामीण गुरुवार को सड़क पर उतर आए। राजापुर के क्रुद्ध ग्रामीण नारेबाजी करते मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह आठ बजे पहुंचे जहां जाम लगा दिया। एक घंटे तक चले जाम के दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग र्गई। इसकी जानकारी होने पर लहंगपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया कि बिना किसी सूचना के जाम नहीं लगाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया।
बिजली कटौती को लेकर राजापुर गांव के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में बिजली के खंभ्रे औ तार हैं लेकिन बिजली नहीं मिल पा रही है जबकि पूरे इलाके में कटौती से लोगों की नींद हराम हो गई है। मरीजों को गर्मी में काफी परेशानी हो रही है। लगातार बिजली कटौती से पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की सी हवा से जर्जर तार टूटकर झूल जा रहे हैं। जगह-जगह ढीले तार ग्रामीणों के लिए खतरा बने हैं। इन ढीले तारों के प्रति विभाग उदासीन बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजापुर गांव के लोग बार-बार शिकायत कर थक चुके हैं। विद्युत विभाग अपनी मनमानी से बाज न रहा है। दर्जनों बार ग्रामीणों ने समस्या विद्युत विभाग के सामने रखा गया। विभाग बहानेबाजी कर मामला टरकाता रहा है। इस समय पूरे इलाके में लो वोल्टेज और कटौती ने लोगों को परेशान कर रखा है। विद्युत उपभोक्ता समझ नहीं पा रहे कि आखिर क्या करें । उनके सामने सड़क जाम करने के सिवा कोई चारा नहीं था। जाम के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। जाम करने वालों में सेवालाल, कन्हैयालाल, रविशंकर, मोहन, दिनेश समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जाम के चलते वाहनों की कतार लगने की जानकारी पर चौकी इंचार्ज मनोज राय मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर जाम खत्म कराया।