मिर्जापुर। पदोन्नति समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर अमीनों ने उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के आह्वान पर मंगलवार को जिला मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया। संग्रह अमीनों ने प्रमुख सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष मंगला सिंह ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे भविष्य में बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशव्यापी आंदोलन के बाद प्रमुख सचिव राजस्व स्तर पर हुई बैठक में सहमति होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसको लेकर संग्रह अमीनों में काफी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि संग्रह अमीनों को सामयिक सेवा जोड़ने, ग्रेड वेतन में वृद्धि करनेे की मांग कर रहे हैं। मंत्री प्रदीप दूबे ने कहा कि संग्रह अमीन बाइक भत्ता, पदनाम परिवर्तन, प्रतिभूति की समाप्ति, शैक्षिक योग्यता समाप्त करने और जोखिम का पद घोषित करने की मांग की। मड़िहान तहसील अध्यक्ष नूर मोहम्मद ने कहा कि वसूली के नाम पर अमीनों का उत्पीड़न न किया जाए और सभी संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाए। कहा कि संग्रह अमीन आगामी छह मार्च से बेनियादी धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान राम अवध, राजीव गुप्ता, इंद्रमणि तिवारी, ज्ञानेंद्र पाठक, हरेंद्र दूबे, राजेंद्र प्रसाद सिंह, बालचंद्र यादव, जयशंकर दूबे, आरपीएन सिंह, अनिल सोनकर, सरफराज अहमद, चंद्रशेखर यादव ने संबोधित किया।