वाणिज्य कर कार्यालय का सामान ले जाता मजदूर
मिर्जापुर। नगर के तेलियागंज स्थित वाणिज्य कर कार्यालय को स्थानांतरित करने के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को वाणिज्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। नाराज अधिवक्ताओं ने सामान ले जा रहे मजदूरों रोक कर सामान रखवा लिया। अधिवक्ताओं ने मंडलायुक्त से जमीन उपलब्ध कराने व पालिका क्षेत्र में कार्यालय खोलने की मांग की।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थान विकल्प के रूप में मौजूद हैं। इसके बावजूद निजी स्वार्थ के कारण अधिकारी मंडल कार्यालय को ग्राम धौरूपुर ले जाने के लिए तत्पर हैं। वाणिज्य कर कार्यालय पालिका क्षेत्र से बाहर चले जाने पर व्यापारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों को असुविधा होगी। साथ ही भारतीय स्टेट बैंक से लगभग पांच किलोमीटर दूरी पर होने से लोगों को परेशानी होगी। कार्यालय शहर के बाहर करना सुरक्षा की दृष्टि से भी ठीक नहीं है। अधिवक्ताओं ने कहा कि इससे पूर्व भी कार्यालय को अन्यत्र ले जाने की कोशिश की जा चुकी है। उस समय भी विभिन्न व्यापार मंडलों, अधिवक्ता व राजनैतिक संगठनों ने विरोध किया गया था। अधिवक्ताओं ने विंध्याचल मंडल के तात्कालिक आयुक्त सुशील कुमार के समक्ष स्थानांतरण के संबंध में अपना पक्ष रखा था, जिस पर उन्होंने कार्यालय को स्थानांतरण पर रोक लगा दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि स्थानांतरण आवश्यक हो तो विज्ञापन द्वारा भवन का प्रस्ताव आमंत्रित कर स्थानांतरण की यथोचित कार्यवाही व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं की सहमति से नगर पालिका क्षेत्र में ही किया जाए। अधिवक्ताओं ने मंडलायुक्त से वाणिज्य-कर कार्यालय नगर पालिका सीमा के अंदर खोेलने का आदेश देने और इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान कपूर चंद, विनोद श्रीवास्तव, कवल चंद वर्मा, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, कृष्णकांत गुप्ता, कुलदीप खंडेलवाल, राधेश बरनवाल, रामजी, धर्मेंद्र साध, पारसनाथ अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, प्रमोद श्रीवास्तव, अतुल जायसवाल, शिव कुमार, कमल मिश्रा मौजूद रहे।