अहरौरा। अहरौरा जलाशय में गुरुवार की शाम एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर दोस्तों के संग पिकनिक मनाने गया हुआ था। सभी दोस्त एक साथ जलाशय में नहा रहे थे कि एक किशोर उसमें डूब गया। आसपास के गोताखोरों की मदद से दो घंटे के बाद जलाशय से युवक के शव को बाहर निकाला गया। खासडीह निवासी कलाम हाशमी का 16 वर्षीय पुत्र इरफान हाशमी अपने सात दोस्तों के संग पिकनिक मनाने गुरुवार की शाम अहरौरा जलाशय पर गया हुआ था। शाम पांच बजे इरफान अपने साथियों के संग जलाशय में नहाने लगा और गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसे डूबता देख अन्य साथी बचाने का प्रयास करने लगे लेकिन बचा नहीं पाए और किशोर डूब गया। आनन फानन में साथियों ने फोन से सूचना देकर आसपास के गोताखोर को बुला लिया लेकिन जलाशय से बाहर निकालने के दौरान किशोर की मौत हो गई। किशोर कक्षा आठ का छात्र था।