मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के इलाके में हो रहे अवैध खनन के मामले में हुई कार्रवाई के बाद अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन हफीजुर रहमान के कार्यालय में गुरुवार को दो पत्रकारों का बयान दर्ज किया गया जबकि राजगढ़ चौकी प्रभारी रहे नरेंद्र कुमार सिंह का किसी कारणवश बयान नहीं दर्ज हो पाया। वहीं मड़िहान थानाध्यक्ष व एक अन्य व्यक्ति का बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है।
बता दें कि चार अगस्त मड़िहान के दो लोगों की शिकायत पर एक चैनल के रिपोर्टरों ने मड़िहान इलाके में पुलिस व प्रशासन की मिलीभगत से हो रहे अवैध खनन के खेल का स्टिंग आपरेशन किया था। जिसका समाचार चैनलों पर चलने के बाद शासन से लेकर जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था। एसपी आशीष तिवारी ने आनन फानन में मड़िहान थाना प्रभारी भुवनेश्वर पांडेय व राजगढ़ चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया था तो दूसरी ओर जिलाधिकारी विमल कुुमार दूबे ने एसडीएम मड़िहान के स्टोनो हरि प्रसाद पटेल को निलंबित किया था।
वहीं सीओ आपरेशन केपी सिंह व एसडीएम मड़िहान के कार्यशैली पर जांच बैठी थी। अवैध खेल का मामला प्रकाश में आने के बाद पहाड़ों पर जैसे सियापा छा गया हो। घटना की जांच कर रहे अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन हफीजुर रहमान ने अवैध खनन के खेल में निलंबित किए गए मड़िहान थाना प्रभारी भुवनेश्वर पांडेय व राजगढ़ चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार तथा दो पत्रकारों को अपना अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। जांच अधिकारी के बुलाने पर दो पत्रकार व राजगढ़ चौकी प्रभारी रहे नरेंद्र कुमार अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे। दोनों पत्रकारों का बयान दर्ज करने के बाद जब राजगढ़ चौकी प्रभारी को बुलाया गया तो किसी कारण वश उनका बयान दर्ज नहीं हो पाया।