मिर्जापुर। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित हुआ।
लायंस स्कूल की गार्गी सिंह ने 98. 8 फीसद अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। गार्गी न्यायिक सेवा में जाकर देश व समाज की सेवा करना चाहती है। इसी प्रकार एसएन पब्लिक स्कूल के शुभम दुबे ने कठिन परिश्रम कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। शुभम नित्य सात किलोमीटर साइकिल चलाकर विद्यालय आता था और 98. 4 फीसद अंक हासिल किया। इस बार भी 12वीं की तरह लायंस स्कूल के बच्चों ने श्रेष्ठता सूची में अधिक स्थान प्राप्त किया।
जिले में इस बार चार हजार एक सौ परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए। अधिकतर विद्यालयों का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। गार्गी सिंह ने अव्वल स्थान हासिल किया। वहीं, एसएन पब्लिक स्कूल के छात्र और किसान के बेटे शुभम दुबे ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जिले का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चों ने भी उत्तम अंक प्राप्त किए। जहां कही भी सीबीएसई के विद्यालय संचालित हैं। इस बार सभी विद्यालयों के परिणाम पहले से भी बेहतर रहे। अभिभावकों के साथ बच्चे विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों ने जब उनको परिणाम बताया तो वे खुशी से उछल पड़े। हर जगह खुशी व उत्सव का माहौल रहा।