मिर्जापुर। जनपद के समस्त थाने पर आयोजित समाधान दिवस में शनिवार को 128 मामले आए। इसमें से 25 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया शेष मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया गया है। वहीं पांच थानों में आए हुए 33 प्रार्थना पत्रों में से एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान राजस्व, पारिवारिक विवाद समेत अन्य मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र आए। पुलिस अधीक्षक शालिनी की नेतृत्व में लालगंज थाने में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 15 प्रार्थना पत्र आए। इसमें तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों केे निस्तारण के लिए उन्होंने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर करने को कहा। इस दौरान एसडीएम लालगंज अरविंद चौहान एवं सीओ लालगंज रमाकांत सिंह आदि मौजूद रहे। शहर कोतवाली में एक मामला, कटरा में पांच तथा विंध्याचल में नौ मामले आए। इसी प्रकार अदलहाट में 12 तथा मड़िहान में छह मामले आए। इन पांचों थानों में एक का भी निस्तारण नहीं सका। देहात कोतवाली में चार में से एक का, चील्ह में 13 में से एक का, कछवां में पांच में से तीन मामलों का निस्तारण हो सका। पड़री में 16 मामलों में से तीन का, हलिया में पांच में से तीन मामलों का तथा जिगना में नौ में से दो मामलों का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार चुनार में 11 मामले में आए जिसमें दो मामलों का निस्तारण किया गया। जमालपुर में छह में से दो का, अहरौरा में 11 प्रार्थना पत्रों में आठ मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को रवाना किया गया है।