कछवां। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने शुक्रवार को क्षेत्र के बरैनी-भटौली घाट पर गंगा पर बने नवनिर्मित पक्का पुल के एप्रोच मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने सेतु निगम के जेई और ठेकेदार से निर्माण संबंधी जानकारी ली और जल्द से जल्द काम पूरा कराने का निर्देश दिया। मिर्जापुर और वाराणसी जनपद को जोड़ने के लिए बरैनी-भटौली घाट स्थित गंगा नदी पर पक्का पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। अब पुल के दोनों तरफ एप्रोच मार्ग बनाने का काम चल रहा है। निरीक्षण करने पहुंची विधायक ने पीडब्ल्यूडी अभियंता से फोन पर बात की और दोनों तरफ सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। पुल का लोकार्पण वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, बरैनी गांव के लोगों ने नाले-नालियों के अभाव में सड़कों पर सीवर बहने की समस्या बताई और उससे निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान भाजपा के मझवां विधान सभा प्रमुख दीपक उपाध्याय, पृथ्वीनाथ तिवारी, अम्बुज सिंह, मनोज पांडेय, सतीश सिंह, योगेंद्र नरायन सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद थे।