राजगढ़। स्थानीय विकास खंड सभागार में गुरुवार को हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में ब्लॉक प्रमुख आशा सिंह की अध्यक्षता में 3 करोड़, 26 लाख रुपये का प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान पिछली कार्रवाई के बारे में बताया गर्या। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पेयजल, मत्स्य पालन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, सोलर, पेयजल योजना, मनरेगा आदि के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर खंड विकास अधिकारी रामचंद्र राम ने प्रकाश डालते हुए कहा कि गरीब महिलाओं का समूह बनाकर योजना का लाभ देना है। वित्तीय वर्ष 2017-18 में खर्च और बची धनराशि के बारे में जानकारी दी गई। जिसमें चतुर्थ राज्य वित्त से 16 लाख 83 हजार और विकास खंड को मिलने के पश्चात 98 लाख 75 हजार में से 78 लाख विभिन्न मदों में व्यय किया गया7 जो अब 20 लाख 75 हजार शेष धनराशि अवशेष है। नए कार्यों के लिए 3 करोड़ 26 लाख रुपए का प्रस्ताव मनरेगा एवं चतुर्थ राज्य वित्त योजना अंतर्गत कार्य कराने का सर्वसम्मति से पास किया गया। ब्लॉक प्रमुख आशा सिंह ने उपस्थित ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मनरेगा कार्य को लेकर क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत को कंधे से कंधा मिलाकर गांव का विकास करने की अपील की। इस मौके पर मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, प्रमुख प्रतिनिधि एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य अवधेश कुमार सिंह (पप्पू), प्रधान संघ के अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह (गुड्डू), मेघनाथ सिंह, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, अखिलेश्वर सिंह, अमलेश सिंह, रामेश्वर सिंह, अजय सिंह, संतोष सिंह, रमेश यादव, प्रणीत सिंह, मंजू देवी, जितेंद्र सिंह, राज कुमार सिंह, संजय मौर्य मौजूद रहे।