शेरवां। क्षेत्र के सरसा गांव का जला ट्रांसफार्मर 24 दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है, जिससे गांव के लोग परेशान हैं। परेशान ग्रामीणों ने इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सरसा के ग्राम प्रधान से लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी को पत्रक सौंपा लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से गांव के लोगों को मोबाइल चार्ज करने से लेकर गेहूं की पिसाई से लेकर परेशान हैं। केरोसिन की किल्लत से भी लोग परेशान हैं। सरसा गांव के 1000 आबादी के लोगों को अंधेरे में जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है। गांव के ग्राम प्रधान मुन्ना यादव, पारस नाथ चौबे, सन्तोष कुमार चौबे, मोहित, मनोज कुमार, नन्दलाल, प्रकाश, विकास ने विधायक से लेकर उच्चाधिकारियों से मांग की लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। सरसा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है। नरायनपुर विद्युत उप केन्द्र के अवर अभियंता एस के सिंह का कहना है कि जिले से नया ट्रांसफार्मर आ गया है। दो दिन में सरसा गांव का ट्रांसफार्मर बदल जाएगा।