मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश भटनागर को पत्र भेजा है। जिसमें मिर्जापुर के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए ओपीडी के संचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध हो जाने से आम लोगों को इलाज के लिए गैर जनपद नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले दक्षिणी परिसर में ओपीडी संचालन हो रहा था, लेकिन अचानक ओपीडी को बंद कर दिया गया, ओपीडी बंद होने से जनपद के लोगों को इलाज के लिए वाराणसी, इलाहाबाद आदि के लिए जाना पड़ता है। दक्षिणी परिसर में ओपीडी खुलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कुलपति से जनहित को ध्यान में रखकर दक्षिणी परिसर में ओपीडी खोलने की मांग की।
बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में तत्कालीन कुलपति पंजाब सिंह की जनहित में पहल पर ओपीडी खुला था। साउथ कैंपस में कुलपति पंजाब सिंह के निर्देशन में वर्ष 2006 से 2008 तक ओपीडी संचालन हो रहा था, इसमें मरीजों के लिए काशी हिंदु विश्वविद्यालय परिसर से दवाएं भी आती थी, लेकिन कुलपति का कार्यकाल समाप्त होते ही अचानक दक्षिणी परिसर में ओपीडी का संचालन बंद कर दिया गया। जिसके बारे में किसी को भी पता नही । दक्षिणी परिसर में ओपीडी संचालन होने से लोगों को काफी राहत मिल रहा था, ओपीडी संचालन बंद होने से लोगों को इलाज में परेशानी हो रही है।