मिर्जापुर। ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाफ कर उनका सामान लेकर भागने वाले जहरखुरान गिरोह के सरगना सुनील निवासी रेहला कला, पलामू झारखंड को जीआरपी ने चुनार रेलवे स्टेशन के परिसर से मंगलवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी ने उसके पास से नशीला दवा का पाउडर, चोरी का सामान और एक हजार रुपये नकद बरामद किया है।
सीओ जीआरपी इलाहाबाद मोनिका चड्ढा ने बताया कि मंगलवार की सुबह जीआरपी थानाध्यक्ष केदारनाथ मौर्या को सूचना मिली कि चुनार रेलवे स्टेशन के परिसर में जहरखुरानी करने वाले गिरोह का सदस्य खड़ा है। वह चोरी का सामान बेचने के लिए कहीं जाने की फिराक है। जानकारी होने पर थानाध्यक्ष रेनकूट चौकी प्रभारी चंद्र प्रकाश तिवारी व चुनार चौकी प्रभारी अश्वनी राय के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी सुनील दीक्षित पुत्र मथुरा निवासी रेहला कला थाना रेहला जनपद पलामू झारखंड की तलाशी कराई तो उसके पास से नशीला पाउडर, चोरी का सामान और एक हजार रुपये बरामद हुआ। वह जहरखुरान गिरोह का सरगना है और ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर उन्हें लूटने का कार्य करता है। वर्ष 2009 में जीआरपी ने गढ़वा झारखंड से लूटी हुई संपत्ति के साथ आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने ले जा रही थी कि विढंमगंज रेलवे स्टेशन के पास वह साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर हमला किया। इसके बाद वह फरार हो गया था।