मिर्जापुर। जिले में जहां गलियों और संकरे मार्गों पर यूपी हंड्रेड की चारपहिया गाड़ियां नहीं पहुंच पाएंगी वहां अब पुलिसकर्मी यूपी हंड्रेड की बाइक से पहुंचेंगे। इससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इसके लिए शासन ने सौ नंबर की 20 बाइकें पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध कराई हैं।
सपा शासन में यूपी हंड्रेड पुलिस की व्यवस्था की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही यूपी हंड्रेड पुलिस 15 मिनट के अंदर पीड़ित तक पहुंचकर उनकी मदद करती थी लेकिन गलियों और संकरे रास्तों पर चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते थे। इसको देखते हुए शासन ने गली कूचों में भी पहुुंचकर पीड़ितों की मदद करने के लिए सौ नंबर की बाइकों को लांच किया। गाड़ी लांच होने के बाद जरूरत के अनुसार हर जनपद को इन बाइक को दे दिया गया। इसके पूर्व में सौ नंबर की 32 चार पहिया गाड़िया जिले को मिली थी जो विभिन्न थाने पर तैनात थी। इन 32 गाड़ियों के अलावा सौ नंबर की 20 बाइकों की सौगात और दी गई है। इन सौ नंबर की पांच बाइकों शहर कोतवाली , चार को कटरा कोतवाली, तीन को विंध्याचल, दो को देहात कोतवाली में दिया गया है। वहीं चील्ह, अदलहाट, अहरौरा व चुनार को एक-एक बाइक दी गई है।