मिर्जापुर। मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने सोमवार की शाम नार घाट पर जीवन रक्षक बोट का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गंगा पार के गांवों में जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जिला पंचायत ने दो जीवन रक्षक नाव प्रदान की है। इन नावों पर सवार कर्मचारी लोगों के जीवन की रक्षा करने में सक्षम हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने कहा कि जिला पंचायत की ओर से आपदा के समय काम आने वाली दो जीवन रक्षक नौकाएं गंगा में उतारी हैं। प्रशासन के सुझाव पर इन्हें आपदा के समय मौके पर भेजा जाएगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विंध्याचल सिंह कुशवाहा ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से दो जीवन रक्षक नाव प्रदान की गई है। प्रत्येक नाव की कीमत दस लाख रुपये है। हर नाव पर दो गोताखोरों की तैनाती की गई है जो लाइफ जैकेट से लैस रहेंगे। आपदा के समय में ये मौके पर पहुंच कर लोगों की जान बचाने का कार्य करेंगे। इस मौके पर मझवां की विधायक सुचि स्मिता मौर्य, जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे, पूर्व एमएलसी विनीत सिंह, पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे।