चेतगंज। लोक निर्माण विभाग ने चील्ह गोपीगंज मार्ग के किनारे रहने वाले दो सौ से अधिक लोगों को नोटिस दिया है। दिए गए नोटिस के माध्यम उन्हें बताया गया है कि चील्ह गोपीगंज मार्ग के किनारे मौजूद लोक निर्माण विभाग की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को तत्काल हटा लें अन्यथा विभाग की ओर से जमीन खाली कराए जाने पर उसपर आने वाले खर्च को उन्हीं से वसूला जाएगा। लोक निर्माण द्वारा भेजी गई नोटिस से कोन ब्लॉक के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि चील्ह गोपीगंज मार्ग के किनारे मौजूद लोक निर्माण विभाग की जमीन पर अधिकांश लोगों ने मकान एवं दूकान का निर्माण करा कर अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है। इसकी जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने जमीन खाली कराने के लिए सड़क किनारे रहने वाले तीन सौ से अधिक लोगों को नोटिस भेजा है। बताया गया है कि सड़क के मध्य से 75 फीट तक लोक निर्माण विभाग की जमीन है। जिसे वह खाली कर दें, क्योंकि कभी भी चील्ह गोपीगंज मार्ग को चौड़ा किया जा सकता है। विभागीय अधिकारियों ने लेखपाल को भी जमीन की नाप कर निशान लगाने को कहा है। विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस में सभी अतिक्रमण कारियों को सात दिनों के अंदर अपनी अपनी संपत्ति हटा लेने का निर्देश दिए गए हैं। नोटिस मिलने से ग्रामीणोंस्त्रत्त् के होश उड़े। ग्रामीणों की माने तो अगर विभाग सड़क के बीच से 75 फीट जमीन लेता है तो अधिकांश लोग बेघर हो जाएंगे। दर्जनों की रोजी रोटी समाप्त हो जाएगी। अवर अभियंता हीरामणि ने बताया कि मार्ग के किनारे लगभग 75 फीट जमीन लोक निर्माण विभाग की है, जिसे खाली कराने को कहा गया है।