मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक ने शहर की सड़कों से जाम समाप्त करने की रणनीति बनाई लेकिन वह कारगर साबित नहीं हुई। पटरियों पर से अतिक्रमण हटाया नहीं गया, जिसके चलते बाजार में रोजाना जाम लगता है। इसमें फंसकर लोगों का कीमती समय जाया होता है।
नगर के प्रमुख सड़कों की पटरियों पर दोनों तरफ अतिक्रमण हो चुका है। इसके अलावा वाहनों के पार्किंग का प्रबंध नहीं है। लोग बेतरतीब तरीके से वाहन सड़कों पर पार्क करते हैं। इससे रोजाना जबरदस्त जाम लगता है। शनिवार को लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ा। सबसे ज्यादा शहर में प्रवेश के प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों को धड़ल्ले से नोइंट्री में प्रवेश दिया जा रहा है। इससे स्थिति और खराब हो जा रही है। एसपी ने शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है लेकिन उसका कोई फायदा लोगों को नहीं मिला। रोजाना नगरवासियों को भीषण जाम से जूझना पड़ रहा है। शिक्षण संस्थानों के खुल जाने के बाद स्कूली बच्चों को भी जाम में फंसे रहना पड़ रहा है, वहीं जाम में एंबुलेंस के फंस जाने से मरीज समय से चिकित्सालय भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। नगर के जिला अस्पताल रोड, रतनगंज, रमईपट्टी, बसनही बाजार, संगमोहाल, त्रिमोहानी, शास्त्री सेतु, तसहील चौराहा एवं वासलीगंज में रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। घंटाघर से त्रिमोहानी व त्रिमोहानी से इलियट घाट तक वन-वे होने के बावजूद दोनों तरफ से वाहनों का अवागमन बना रहता है, जिससे रोजाना भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।