प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र दवाई सीज करते तहसीलदार। स्रोत- सोशल मीडिया
जांच अधिकारी तहसीलदार मड़िहान ने दवाओं को सील कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपी रिपोर्ट
राजगढ़। समाधान दिवस पर हुई शिकायत पर एसडीएम मड़िहान ने तहसीलदार राहुल कुमार मिश्रा को जांच के लिए भेजा। तहसीलदार ने पुलिस फोर्स के साथ सीएचसी राजगढ़ परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र और सीएचसी की पुरानी बिल्डिंग में रखी 19 पेटी प्राइवेट दवाएं मिलीं। कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ने दवाओं को सील कर दिया और केंद्र संचालक को नोटिस जारी किया।
राजगढ़ के भीटी गांव निवासी रूपक दुबे ने एसडीएम मड़िहान को समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि सीएचसी राजगढ़ परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर बाहर की प्राइवेट दवाएं मरीजों को महंगे दामों पर बेची जा रही हैं। एसडीएम के निर्देश पर शनिवार को तहसीलदार राहुल कुमार मिश्रा ने सीएचसी राजगढ़ स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की जांच की। जांच के दौरान प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में प्राइवेट दवाएं पाई गईं। साथ ही, जन औषधि केंद्र के बगल में स्थित सीएचसी राजगढ़ की पुरानी बिल्डिंग में भी प्राइवेट दवाएं स्टोर करके रखी हुई मिलीं। पूछताछ में जन औषधि केंद्र संचालक राहुल सिंह ने औषधि केंद्र पर प्राइवेट दवाएं बेचने की बात स्वीकार की। इस पर जांच अधिकारी तहसीलदार राहुल कुमार मिश्रा ने मिली दवाओं को सील कर दिया। संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी को जांच आख्या सौंपी जाएगी।
वर्जन
जन औषधि केंद्र की जांच की गई। वहां 19 पेटी बाहर की प्राइवेट दवाएं पाई गईं, जिन्हें जन औषधि केंद्र पर बेचना वर्जित है। जन औषधि केंद्र को सील कर दिया गया है। संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
राहुल कुमार मिश्रा,तहसीलदार, जांच अधिकारी