मिर्जापुर। नवागत पुलिस अधीक्षक शालिनी ने शु्क्रवार की देर रात अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कानून व्यवस्था एवं महिला उत्पीड़न पर रोक लगाने पर जोर देने की बात कही। अपराध पर भी अंकुश लगाने के संकेत दिए। देर रात ही उन्होंने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग कर अपराध समेत अन्य कार्यो की समीक्षा की।
वर्ष 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी शलिनी मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है। इन्होंने बीएड, एमए और एमफिल राजनीति शास्त्र से किया है। उधर तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी को गुरुवार की देर रात पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह के दौरान जिलाधिकारी अनुराग पटेल समेत अन्य लोगों ने मां विंध्यवासिनी का चित्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आशीष तिवारी एक उर्जावान आईपीएस अधिकारी है। इनमें पुलिस और समाज के लिए बहुत कुछ करने की ललक है। आगे चलकर यह काफी कुछ करते हुए समाज को आगे ले जाएंगे। एसपी नगर प्रकाश स्वरूप पांडेय एवं एसपी आरपेशन अजय सिंह ने उनके कार्यो की सराहना की। इस दौरान सीडीओ प्रियंका निरंजन, एसडीएम सदर सविता यादव, आदि अधिकारी मौजूद रहे।