मिर्जापुर। नक्सलवाद उन्मूलन के लिए चल रही कम्यूनिटी पुलिसिंग योजना के तहत मड़िहान थाने नव निर्मित जिम व पुस्तकालय का उद्घाटन विधायक रमाशंकर पटेल ने बुधवार को किया। मड़िहान थाना जिम, पुस्तकालय, आडियो-वीडियो वर्चुअल क्लास वाला पहला थाना है।
मड़िहान के नक्सल प्रभावित गांवों के युवक, युवतियों के लिए थाना परिसर में आडियो-वीडियो वर्चुअल क्लास के माध्यम से मुफ्त कोचिंग क्लास का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी पहले ही कर चुके हैं। इसका लाभ छात्रों को मिल रहा है। साथ ही नक्सल क्षेत्र के युवाओं को आत्मरक्षा के लिए ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुस्तकालय, जिम्नेजियम की भी व्यवस्था है। भविष्य में अहरौरा थाना भी विकसित किया जाना है। इस मौके पर एएसपी अजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह समेत मड़िहान, पचोखरा, हसरा, जुड़िया, रैकरी, रामपुर, पटेहरा, भवानीपुर व राजगढ़ के ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे।