मिर्जापुर। विंध्याचल स्थित प्रबोधिनी शक्ति धाम में मंगलवार को 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले अखिल भारतीय महाशक्ति सम्मेलन के लिए महाशक्ति संदेश यात्रा का शुभारंभ हुआ। फाउंडेशन की महासचिव नंदिनी मिश्रा, लाइनेस क्लब की सचिव मीनू मिश्रा, बिनानी प्रबंधन महाविद्यालय की निदेशिका डा. जीशान आमीर एवं ब्यूटीशियन रेखा मिश्रा ने कलश पूजन कर संदेश यात्रा रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य शक्तिधाम सगरा में आयोजित अखिल भारतीय महाशक्ति में अधिक से अधिक मातृशक्तियों को आमंत्रित करना है। संदेश यात्रा रथ में आसपास की ग्रामीण महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। महिला प्रबोधिनी फाउंडेशन के निदेशक एवं अखिल भारत रचनात्मक समाज के राष्ट्रीय महासचिव विभूति कुमार मिश्र ने अखिल भारतीय महाशक्ति सम्मेलन आयोजन के पीछे मुख्य उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्ष बीत जाने के बावजूद मातृशक्ति के प्रति समाज, परिवार और सरकार में अपेक्षित सम्मान नही दिख रहा है। आए दिन महिलाओं के साथ अपराध व अधिकारों के हनन का मामला घटित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं संगठित होकर आत्म शक्ति का प्रदर्शन सरकार, समाज व परिवार को संवेदनशील बनाने के लिए करें। नंदिनी मिश्रा ने कहा कि जब तक महिलाएं जागरूक नही होंगी, तब तक समाज में बदलाव नही आएगा। महाशक्ति संदेश यात्रा जिले के सभी विकास खंडों में पहुंचेगी। कार्यक्रम में लूबना, संध्या पाठक, अवध, मंजूलता, राकेश, रामकुमार, दिनेश, विष्णु एवं प्रबोधिनी महिला संघ स्वयं सहायता समूह की मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।