पड़री। पहाड़ी विकास खंड के मोहनपुर में बहदहाल पड़े सिंचाई डाक बंगला के जीणोद्धार के लिए शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा जिला खनिज निधि से प्राप्त 25 लाख, 30 हजार रुपए से इसका कायाकल्प कराया जाएगा। मिर्जापुर-वाराणसी राजमार्ग पर पहाड़ी पर स्थित डाक बंगला ब्रिटिश शासनकाल में बनाया गया था। वर्षों से उपेक्षित डाक बंगले के कायाकल्प के लिए शिलान्यास करते हुए राज्यमंत्री ने कहा जिले में सभी परियोजनाओं को पूरा कराना ही हमारा लक्ष्य है। कहा कि डाक बंगला तैयार हो जाने के बाद जहां मिर्जापुर-वाराणसी मार्ग से आने वाले लोगों के ठहरने के लिए सुलभ होगा, वहीं क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों की बैठकों के लिए भी आसानी होगी। उन्होंने जिला खनिज अधिकारी से गुणवत्ता के साथ निर्माण कराने का निर्देश दिए। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा विरोहिया पिकअप के लिए नौ करोड़ 37 लाख रुपए अवमुक्त हो चुके हैं। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने कहा डाक बंगले की मरम्मत के साथ ही चहारदीवारी का निर्माण भी कराया जाएगा। इस मौके पर राज्यमंत्री ने गरीबों में कंबल वितरण भी किया। इस दौरान एसडीएम सदर आशुतोष दुबे, जिला खान अधिकारी आरबी सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड चुनार आर के वर्मा, हरिशंकर, शारदा मिश्रा उर्फ लाला मिश्रा, ग्राम प्रधान कमलेश दुबे, राधेश्याम पटेल व प्रभारी निरीखक श्रीकांत राय मौजूद रहे।