हलिया। प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने मनरेगा योजना के तहत प्रारंभ कार्यो में मानक न पूरा करने वाले दर्जन भर ग्राम पंचायत पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी गुरुवार को अपने कार्यालय में ग्राम पंचायत के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के दौरान तकरीबन एक दर्जन गांवों में मनरेगा के तहत शुरूआती कार्यो में 60 व 40 का अनुपात पूरा नहीं किया गया था।
प्रभारी खंड विकास अधिकारी/डीसी एनआरएलएम दीन दयाल वर्मा ने समीक्षा के दौरान सहजी, गौरवा, गलरा, गजरिया, बेलाही, बरी, दिघिया, बसकोप, बनवा, बैधा, गोरगी, थोथा आदि ग्राम पंचायत में कराए गए पक्का वर्क से कच्चा वर्क का अनुपात कम पाया। उन्होंने 60 व 40 का अनुपात पूर्ण कराए जाने के लिए ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रभारी बीडीओ ने कहा कि बार-बार हिदायत दिए जाने के बावजूद यदि कच्चे काम पूरा न किए गए तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाएंगे। बैठक में समस्त ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारी मौजूद रहे।