मिर्जापुर। जिला विज्ञान क्लब द्वारा नगर के सुंदर मुंदर बालिका इंटर कालेज में वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उ.प्र. द्वारा संचालित जिला विज्ञान क्लब के कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के बीच वैज्ञानिक संभाषण के साथ ही पोस्टर, निबंध एवं समाचार पत्रों की कतरन प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
पौष्टिक एवं संतुलित आहार पर कुपोषण के विरूद्घ वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप को प्रज्जवलित कर किया गया। मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कुपोषण के बारे में छात्र-छात्राओं को दी। साथ ही उन्होंने बच्चों को फास्ट फूड व जंक फूड नहीं खाने की नसीहत दी। मुख्य अतिथि ने स्पर्धाओं के विजयी बच्चों को पुरस्कृत कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। संभाषण स्पर्धा में प्रिया, पोस्टर में राजकुमार, निबंध में अनुराधा ने प्रथम स्थान हासिल किया। पूर्व प्रवक्ता गुलाब चंद्र तिवारी ने संतुलित आहार व कुपोषण पर प्रयोगों के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। पूर्व प्रधानाचार्य चंद्रमा प्रसाद ओझा ने पोषक तत्वों की कमी से होने वाले रोगो की जानकारी दी। डीआईओएस देवकी सिंह ने बच्चों के वजन नापने के तरीके के बारे में बताया। डा. गणेश प्रसाद अवस्थी ने पोषक व खाने के तरीके बताए, वहीं सीडीपीओ ओम प्रकाश यादव ने कुपोषण के बारे में जानकारी दी। विविध स्पर्धाओं में शमिल बच्चों को स्वच्छता की शपथ ग्रहण कराई गई। जिला समन्वयक एसके पांडेय ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को बताया। संचालन संजय व धन्यवाद ज्ञापित सावित्री चौरसिया ने किया। इस दौरान तमाम गणमान्य मौजूद रहे।