मिर्जापुर। मान्यता प्राप्त निजी प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल शासन की मंशानुरूप गरीब बच्चों का प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। गरीब बच्चों का प्रवेश लेना अनिवार्य है, प्रवेश नहीं लेने वाले विद्यालयों के खिलाफ शासन के निर्देेशानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बुधवार को चेतगंज स्थित प्लेवे स्कूल में नगर पालिका क्षेत्र के मान्यता प्राप्त प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक व प्रधानाध्यापकों की बैठक में कहीं।
बीएसए ने कहा कि नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत शासन द्वारा गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश कराया जा रहा है। अधिनियम के तहत जनपद के सभी निजी स्कूलों को शासन द्वारा चयनित बच्चों का प्रवेश लेना अनिवार्य है। इसमें किसी प्रकार की टालमटोल या कोताही बर्दाश्त नही किया जाएगा। बीएसए ने कहा कि कुछ विद्यालयों द्वारा मनमानी करते हुए प्रवेश नहीं लिया जा रहा है। ऐसे स्कूल गरीब बच्चों का प्रवेश ले लें अन्यथा शासन के निर्देशानुसार कड़ी कार्रवाई करनी होगी। इसके लिए संबंधित स्कूल जिम्मेदार होंगे। बीएसए ने कहा कि शासन द्वारा जारी सूची के बच्चों का प्राथमिकता के आधार पर विद्यालय में प्रवेश लेकर सूचना कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। खंड शिक्षा अधिकारी नगर डा. प्रभाशंकर पांडेय ने कहाकि जिन स्कूलों ने अभी तक बच्चों का प्रवेश नही लिया है, जल्द से जल्द प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला समन्वयक मातेश्वरी, श्यामजी आदि मौजूद रहे।