मिर्जापुर। आसमान में चढ़े बादलों के बीच जिला मुख्यालय के पश्चिमी छोर पर स्थित छानबे विकास खंड के कुछ इलाकों में मंगलवार को हल्की आंधी व पानी के बीच मौसम कुछ देर के लिए खुशगवार हो गया। पिछले कुछ दिनों से गर्मी की ताप झेल रहे लोगों को हल्की बूंदाबांदी से राहत मिली।
क्षेत्र में आए आंधी व गरज के साथ पड़े छींटे के बीच जहां लोग हलकान रहे, वहीं इससे पूर्वी छोर पर स्थित नगर व अन्य इलाकों में आसमान में बादल तो छाए रहे पर आंधी व पानी का कोई असर नहीं रहा। गर्मी व उमस पूर्व की भांति बरकरार रहा। छानबे क्षेत्र के गैपुरा, विजयपुर, कामापुर, बिरोही, बिहसड़ा, बधेड़ाकला, बघेड़ा खुर्द आदि क्षेत्रों में आंधी के साथ ही कहीं-कहीं गरज चमक के साथ छींटे पड़े। आंधी का प्रभाव छानबे इलाके के अलावा लालगंज, मड़िहान, राजगढ हिस्से के कुछ इलाकों में बताया गया।