मिर्जापुर। अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच के बाद ही गिरफ्तारी करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरोध में बसपा कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति-जनजाति संगठनों और इस वर्ग के लोगों ने जिले भर में प्रदर्शन किया। हालांकि भारत बंद का आह्वान जिले में बेअसर नजर आया। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के बाद बसपा जिलाध्यक्ष कुंजबिहारी और धनेश्वर गौतम ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट डीपी मिश्र को सौंप कर एससीएसटी एक्ट को पूर्व की भांति लागू करने की मांग की। कहा कि इस एक्ट में संशोधन के बाद कानून कमजोर होगा और अत्याचार करने वालों को बल मिलेगा।
जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के बाद बसपा जिलाध्यक्ष कुंजबिहारी ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों पर मनुवादी अत्याचार करते आए हैं। इस पर रोक के लिए एससीएसटी एक्ट बना था। इस धारा में दर्ज केस की जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी करने से अत्याचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की। प्रदर्शन में अवधेश कुमार गौतम, राजेश गौतम, राजाराम भारती, गुलाब चंद्र, लल्लूराम, भगवानदास रत्ना, संजय गौतम, सद्दाम राइन, राम सागर राव मौजूद रहे। इसके अलावा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की जीरा भारती, बसंत कोल, आशाराम भारती, रीता जायसवाल, नारायण आदि, समता सैनिक दल के जय प्रकाश, शंकर बौद्घ, आशीष, राहुल आदि ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के दिनेेश कुमार यादव, लालता प्रसाद, राम बाबू, मुन्नी लाल ने पत्रक सौंपकर संशोधन को वापस लेने की मांग की।
चुनार: बसपा कार्यकर्ताओं और भारतीय जीवन बीमा निगम के दलित कर्मचारियों ने नगर में प्रदर्शन कर एससीएसटी एक्ट में बदलाव का विरोध किया। तहसील पहुंचकर तहसीलदार सुरेंद्र बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा जिसमें एससीएसटी एक्ट को पहले की तरह लागू करने की मांग की। इस दौरान चंद्र प्रकाश त्यागी, दीनानाथ, महेंद्र कुमार, रामआसरे, चंद्रशेखर भारती, बीमा निगम के कर्मचारी दीनदयाल, टी राम, त्रिभुवन कन्नौजिया, तारा देवी, बचानू राम मौजूद रहे। कछवां: जमुआ चौराहे पर एससी एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में जोखनराम के नेतृत्व में लोगों धरना प्रदर्शन किया। इसमें दौरान सुनील कुमार, दिलीप ठाकुर, महेंद्र, बऊपाल मौजूद रहे।
पड़री: एससीएसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में दलित संगठन और इस वर्ग के लोगों ने पड़री बाजार में प्रदर्शन किया। इस दौरान बसपा कार्यकर्ताओं ने पुतला जताया। हालांकि बंदी का असर नहीं रहा और सामान्य दिनों की तरह दुकानें खुली रहीं। बसपा कार्यकर्ताओं ने शाहिद बाबा के स्थान के बगल में बैठक कर एक्ट में संशोधन का विरोध किया। इसमें रामदेव सरोज, सूर्यप्रकाश व संतोष कोरी मौजूद रहे। बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर गुड्डू राम ने कहा की एससीएसटी एक्ट की पुरानी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बहाल किया। बसपा नेता राजकुमार, अनिल गौतम, राजेश कुमार गौतम, रामदेव सरोज, पूनम भारती, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम आदि ने भी संबोधित किया।