मिर्जापुर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की चल रही स्नातक स्तरीय परीक्षा में मंगलवार को तीन नकलची पकड़े गए। तीनों नकलची केबी कालेज में पकड़े गए और उनको आंतरिक उड़ाका दल ने पकड़ा।
केबी कालेज में सुबह की पाली में बीएससी प्रथम की मैथ और जूलॉजी की परीक्षा थी। जूलॉजी में महाविद्यालय के आंतरिक उड़ाका दल ने दो नकलचियों को पकड़ा। इसी प्रकार दूसरी पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा में भी एक नकलची पकड़ा गया। प्राचार्य डा. भवभूति मिश्र ने बताया कि महाविद्यालय में कड़ी निगरानी में परीक्षा चल रही है। परीक्षार्थियों से पहले ही कहा जा चुका है कि वे अनुचित साधनों का प्रयोग न करें। इसके बाद भी यदि वे अनुचित साधनों का प्रयोग करते हैं तो पकड़े जाने पर तत्काल रस्टीकेट कर दिया जाएगा। इसी प्रकार केएमपीजी में समाजशास्त्र में तीन सौ व बीकाम में 20 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा प्रभारी डा. नीलू कपूर ने बताया कि समाजशास्त्र में ज्ञानंदा डिग्री कालेज के 50 परीक्षार्थी शामिल थे। जीडी बिनानी पीजी कालेज में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
चित्रकला प्राविधिक व तरंगगति का समाप्त हुआ मूल्यांकन
मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में मंगलवार को 33 हजार तीन सौ 48 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। मान्यवर कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज में मंगलवार को छह हजार पांच सौ 75 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। यहां पर व्यवसायिक वर्ग के चित्रकला प्राविधिक और तरंग गति एवं ध्वनि का सिद्धांत का टेबल पूरा हो गया। केंद्राध्यक्ष अनीता यादव ने बताया कि मूल्यांकन शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल ने मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया। इसी प्रकार, बीएलजे में छह हजार नौ सौ 31, राजस्थान में 11 हजार चार सौ 27 और माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज में आठ हजार चार सौ 15 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। सभी जगह जेडी कामता राम पाल ने मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया।