कछवां। मझवां ब्लाक के बरैनी गांव में लंबे समय से नालियां जाम होने से सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा किनारे बसे बरैनी गांव की आबादी लगभग दस हजार की है। प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों को गंदे पानी से आने-जाने में फिसलने का डर सतारा रहता है। दो साल से खराब रास्ता और गंदा पानी बहने से नारकीय हालत हो गई है। ग्राम पंचायत कोई ठोस पहल नहीं कर रही। सड़क का किनारा पूरी तरह से गड्ढ़ों में तब्दील हो चुका है। नालियां जाम होने कारण गंदा पानी सड़क पर बने गड्ढों के बीच भरा रहता है। सड़क पर गुजरते समय यदि कोई वाहन पास से गुजर जाए तो गंदे पानी के उठते छीटे से लोगों के कपड़े तार तार हो जा रहे हैं। गांव निवासी मनोज, कुल्ली, योगेंद्र नरायन सिंह, जिला पंचायत सदस्य अनुराग सिंह, प्रमोद सिंह, रमसरीया, विवेक सिंह, अनील चौधरी आदि ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए निजात दिलाए जाने की मांग की है।