शेरवां। जाफरखानी प्राथमिक विद्यालय में वंदेमातरम और भारत माता की जय बोलने पर छात्रों को मारापीटा जाता है। इसकी शिकायत अभिभावकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से की थी। गुरुवार को दिन में तीन बजे सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र, एबीआरसी सरिता तिवारी इसकी जांच करने विद्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी प्रधानाध्यापक शाहिद फैजल व बच्चों से पूछताछ की। शिकायत सही पाने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक के तबादले की संस्तुति की है।
विकास खंड जमालपुर के जाफरखानी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक में कुल 140 बच्चों का नामांकन है। वहां एक प्रधानाध्यापक व दो शिक्षामित्रों की तैनाती है। विद्यार्थियों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक वंदेमातरम और भारत माता की जय बोलने पर मारते-पीटते हैं। एक-दूसरे का सिर आपस में लड़ा देते हैं। जाफरखानी के पूर्व प्रधान शरणशंकर चतुर्वेदी, अभिभावक मुन्ना शाह, कन्हैया लाल, जनमेजय द्विवेदी, रामभरोस ने इसकी शिकायत मिलने पर सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी से की थी। कक्षा पांच की छात्रा नूरजहां पुत्री बनारसी, कक्षा दो के छात्र आलिम पुत्र हनीफ, साहिल पुत्र मुन्ना शाह, कक्षा चार का छात्र सलामत पुत्र मुस्तफा ने बताया कि मास्टर साहब मारते हैं। भारत माता की जय, वंदेमातरम बोलने से मना करते हैं। प्रधानाध्यापक शाहिद फैजल का कहना है कि वंदेमातरम बोलने पर बच्चों की पिटाई करने की बात बेबुनियाद है। पढ़ाई के लिए उनसे सख्ती बरती जाती है। इससे नाराज अभिभावकों ने शिकायत की है।
वंदे मातरम और भारत माता की जय बोलने पर प्रधानाध्यापक द्वारा छात्रों की पिटाई की शिकायत मिली थी। जांच में शिकायत सही पाई गई है। शिक्षामित्रों ने भी बताया कि शिक्षक हाथ जोड़ कर खड़े रहने को मना करते हैं। शिक्षक के तबादले की संस्तुति की गई है।-प्रदीप कुमार मिश्र, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी