मिर्जापुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को घरों में शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, साथ ही शौचालय बनने के बाद फोटो अपलोड किया जा रहा है। फोटो अपलोड करने में ब्लॉक स्तरीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। फोटो अपलोड करने में विकास खंड सीखड़ अव्वल है तो विकास खंछ छानबे महज 47 प्रतिशत फोटो अपलोड करके 12वें स्थान पर है। जनपद के 809 गांवों में निर्धारित 104546 शौचालयों में से 68309 शौचालयों का फोटो अपलोड कराया गया है। जनपद में अभी तक महज 65.34 प्रतिशत फोटो अपलोड हो सका है।
जनपद को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभियान चलाया जा रहा है। ब्लॉकों में शौचालय बनवाने के बाद प्रधान, सेक्रेटरी को फोटो अपलोड कराना है, लेकिन इसमें काफी लापरवाही बरती जा रही है। विभागीय आंकड़ों पर गौर करें तो विकास खंड छानबे में 47 प्रतिशत, हलिया में 59.9 प्रतिशत, जमालपुर में 71.6 प्रतिशत, कोन ब्लॉक में 72.9 प्रतिशत, लालगंज में 50 प्रतिशत, मझवां में 75.2 प्रतिशत, सिटी में 51.8 प्रतिशत, नरायनपुर में 74.9 प्रतिशत, पहाड़ी में 48.6 प्रतिशत, पटेहरा कला में 67.6 प्रतिशत, राजगढ़ में 63.3 फोटो अपलोड किया गया है, वहीं सर्वाधिक सीखड़ में 100 प्रतिशत फोटो अपलोड किया गया है।
वर्जन
शौचालयों का निर्माण होने के बाद प्राथमिकता पर फोटो अपलोड करना है। फोटो अपलोड करने में लापरवाही क्षम्य नहीं। संबंधित व्यक्ति जल्द से जल्द फोटो अपलोड करें। अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी।