मिर्जापुर। पंचायत चुनावों के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। मतदान छह जुलाई को तथा मतगणना आठ जुलाई को होगी। जिले में दो प्रधान, चार बीडीसी व 10 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर उप चुनाव होना है। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत के उप चुनाव के लिए सरगर्मियां एक बार फिर तेज हो गई हैं।
जनपद में प्रधान पद के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य(बीडीसी) के चार और ग्राम पंचायत सदस्य के 10 पदों के लिए चुनाव होना है। इन जगहों पर चुनाव संबंधित प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य की मृत्यु होने के कारण पद रिक्त होने के कारण हो रहा है। रिक्त पदों पर चुनाव कराने को लेकर पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय तैयारियों में जुट गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में ग्राम प्रधान पद के लिए राजगढ़ विकास खंड के खुटहां और हलिया विकास खंड के सोठिया कला में चुनाव होना है। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कोन विकास खंड के चील्ह वार्ड संख्या 24, जमालपुर 66, पटेहरा कला 13 और पटेहरा कला26 का पद रिक्त चल रहा है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कोन ब्लाक के मदनपट्टी वार्ड संख्या10, भोगांव 8, भोगांव 11, छानबे ब्लाक के अरंगी सरपत्ती 14,पहाड़ी ब्लाक के चेंदुली 3, मझवां ब्लाक के कनक सराय 4, कनक सराय 8, राजगढ़ के बरगवां 3, सीखड़ के रामगढ़ कला 13, सिटी ब्लाक के विजयपुरा 4 पद के लिए चुनाव होना है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। जिले में जिलाधिकारी 19 जून को अधिसूचना जारी करेंगे।