नरायनपुर में लगाए जाएंगे एक लाख 54 हजार पौधे
पौधरोपण को लेकर बनी रणनीति
नरायनपुर में लगाए जाएंगे एक लाख 54 हजार पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
चुनार। पर्यावरण संरक्षण के लिए विकास खंड क्षेत्र में मानसून के दौरान एक लाख 54 हजार तीन सौ 24 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को ब्लाक सभागार में बैठक आयोजित कर पौधरोपण की रूपरेखा तैयार की गई। बीडीओ ने कहा बरसात से पहले सभी ग्राम पंचायत में गड्ढे आदि तैयार कर लिए जाएं।
गुरुवार को आयोजित साप्ताहिक बैठक में बीडीओ डीपी सिंह ने विकास खंड के कुल 96 ग्राम पंचायत में पौधरोपण के लिए तय लक्ष्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह पौधे कृषक वृक्ष धन योजना व सामुदायिक वानिकी योजना के तहत लगाए जाएंगे। कृषक वृक्ष धन योजना के तहत किसान अपने व्यक्तिगत कृषि भूमि पर पौधे लगा सकेंगे जबकि सामुदायिक वानिकी योजना के अंतर्गत स्कूलों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि ब्लाक कर्मी पौधे लगाए जाने के लिए न सिर्फ स्थान का चयन करें बल्कि बरसात से पहले गड्ढे आदि तैयार कर दें। बीडीओ ने कहा कि पहली बरसात से ही पौधों की रोपाई प्रारंभ कर दी जाएगी। बैठक में एडीओ पंचायत संतोष कुमार समेत समस्त ग्राम सचिव मौजूद रहे।