मिर्जापुर। जीर्ण-शीर्ण हालत में चल रहे मिर्जापुर रोडवेज की दशा जल्द सुधरने वाली है। पांच करोड़ की लागत से रोडवेज परिसर का कायाकल्प कर उसे आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाएगा। परिसर को पूरी तरह से चमकाया जाएगा। भवन से लेकर फर्श तक सब चकाचक नजर आएंगे। परिसर में बसों के रख-रखाव, खड़े होने के साथ यात्रियों के लिए भी पानी से लेकर बैठने के लिए वातानुकूलित कक्ष आदि बनाया जाएगा। क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज से एस्टीमेट और बनाकर लखनऊ मुख्यालय भेजा गया है। जहां से जल्द ही हरी झंडी मिलने पर कार्य शुरू हो जाएगा।
मिर्जापुर रोडवेज परिसर की हालत बहुत ही दयनीय है। परिसर में गाड़ियों के खड़ा होने से लेकर यात्रियों के बैठने आदि की उचित व्यवस्था नहीं है। बरसात के समय जलजमाव हो जाता है। ज्यादातर यात्री परिसर की हालत देखकर ही रोडवेज बसों का सफर नहीं करते है। पिछले साल परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रोडवेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे तो सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीबी राम ने उनसे रोडवेज परिसर का कायाकल्प कराने की मांग की थी। इस पर परिवहन मंत्री ने इंडियन आयल कंपनी से रोडवेज परिसर को आधुनिक बनाने की बात ही। परिवहन मंत्री ने मिर्जापुर के अलावा जालौन जिले के रोडवेज परिसर के सुंदरीकरण करने का निर्देश दिया था। क्षेत्रीय कार्यालय इलाहाबाद से आए इंजीनियर ने पांच करोड़ का बजट बनाकर लखनऊ मुख्यालय में भेज दिया है। चुनाव आचार संहिता के कारण कार्य रुका था। जल्द ही लखनऊ मुख्यालय से हरी झंडी मिलने पर कार्य शुरू हो जाएगा।